PATNA : सीएम नीतीश कुमार के करीबी जदयू नेता और राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है. आरसीपी सिंह आईएएस कैडर के रिटायर अधिकारी है. जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नीतीश कुमार ने इसके संकेत दिए हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में सीएम और पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष नीतीश कुमार ने खुद आरसीपी सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा. जिसे राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया. आपको बता दें कि जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक शनिवार को शुरू हुई थी.
जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में प्रदेश मुख्यालाय के कर्पूरी ठाकुर सभागार में हुई. जिसमें देश के कई राज्यों तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और झारखंड से पार्टी के कई प्रतिनिधि शामिल हुए. इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संजय झा ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई काम नहीं रह गया है, विपक्ष सिर्फ सपना देखता रहे. उन्होंने कहा कि सरकार पांच साल तक मजबूती के साथ चलेगी.
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू होने से पहले संजय झा ने कहा कि इस बैठक में तमाम मुद्दों पर चर्चा होगी, जिसमें अरुणाचल प्रदेश का मुद्दा भी शामिल है. उन्होंने दावा करते कहा कि अरुणाचल प्रदेश का असर बिहार में नहीं होगा. जदयू के विधायक अरुणाचल सरकार को समर्थन दे रहे थे इसके बाद भी ऐसी घटना हुई ये मंथन का विषय है.
जदयू के वरिष्ठ नेता और विधायक श्रवण कुमार ने कहा कि कभी खुशी कभी गम का दौर आता है. पार्टी पहले से इसका सामना करती रही है. जदयू हर स्थिति से निपट लेगा. वहीं जदयू के राज्यसभा सदस्य केसी त्यागी ने कहा कि अरुणाचल में भाजपा का जदयू के छह विधायकों को शामिल कराए जाने का व्यवहार उचित नहीं है.