PATNA : पटना का महिला थाना आए दिन अजीबोगरीब मामलों के कारण चर्चा में रहता है। एक बार फिर जिद लेकर एक नाबालिग थाने पहुंच गई। शनिवार को महिला थाने पहुंची 17 साल की लड़की कहने लगी...मेरे पापा ब्वॉयफ्रेंड से मुझे फोन पर बात करने नहीं देते हैं। हमेशा मुझे डांटते रहते हैं। अब मुझे उनके साथ नहीं रहना है।
परिवार के साथ पिता भी नहीं हो रहे शादी को तैयार
महिला थाने पहुंची लड़की का कहना था कि परिवार के लोग खास कर के पिता शादी के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। बात-बात पर उसके साथ मारपीट की जाती है। इतना ही नहीं उसे फोन पर बात करने भी नहीं दिया जाता है। लड़की की बात सुनकर महिला थाना प्रभारी ने पीड़ित के परिवार वालों को बुलाया। लड़की के स्वजनों से मामले के संबंध में सभी जानकारी ली।
स्वजनों का आरोप, गलत काम कर सकता है लड़का
लड़की के परिवार वालों के अनुसार, जिस लड़के को लड़की पसंद करती है वो उसे गलत कामों में डालना चाहता था। लड़के की मानसिकता भांपने के बाद उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद भी लड़की से बात करना बंद नहीं कर रहा था। शुक्रवार की रात लड़की उस लड़के के साथ रात में भाग गई थी। महिला थाना प्रभारी आरती जसवाल ने बताया कि लड़की अभी बालिग नहीं हुई है। इसलिए उसे अभी मां-बाप से साथ भेज दिया गया है। लड़के के खिलाफ परिवार वालों ने आवेदन दिया है।