SAHARSA: सौरबाजार थाना अंतर्गत बैजनाथपुर पुलिस शिविर क्षेत्र के गम्हरिया हरकुट्टा बहियार में एक दिसंबर की रात युवक हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। युवक की हत्या जमीन विवाद में नहीं बल्कि अवैध संबंध में की गयी थी। इस हत्याकांड में शामिल दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप कर दिया है।
सौरबाजार थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत हरकुट्टा मुसहरी में बीते 1 तारीख को पुलकित पासवान नामक शख्स का शव बरामद पुलिस ने किया था। शव बरामद करने के बाद मृतक के पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर बैजनाथपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया।
हत्याकांड के पीछे मृतक पुलकित पासवान का गांव में ही एक आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध बताया जा रहा है. आपको बता दें कि बीते एक दिसम्बर को बैजनाथपुर ओपी क्षेत्र स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज के पीछे पानी भरे गड्ढे से पुलकित पासवान का पुलिस ने शव बरामद किया था.
आरोपियों ने पुलकित पासवान की मछली मारने वाले धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया था. जिसके बाद मृतक की पत्नी ने बैजनाथपुर ओपी में हत्या का मामला दर्ज कराया था.
उक्त कांड के तुरंत उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में कार्यवाही की गई और गुप्त सूचना के आधार पर हत्या में अभियुक्त द्वारा प्रयुक्त किये गए गमछा, मोबाइल के साथ-साथ दो व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अवैध संबंध को लेकर पुलकित पासवान की हत्या की गई है।
इस मामले में निरबुद्धिया सादा, विशुनदेव सदा की गिरफ्तारी की गई है।इस बाबत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हत्याकांड में चार लोग शामिल हैं। जिसमें दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अन्य के गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही वो भी गिरफ्त में होंगे।
रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा