GAYA: जिले के बेलागंज प्रखंड में एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना के विरोध में आज आक्रोशित स्थानीय लोगों ने गया-पटना मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर दिया. इस दौरान लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़कों पर आगजनी की.
इस संबंध में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव प्रकाश उर्फ बंटी कुशवाहा ने कहा कि गत दिनों नाबालिग बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। लेकिन पुलिस अभी तक अपराधियों का पता लगाने में विफल है. हम अधिकारियों से मांग करते हैं कि एसआईटी गठित करते हुए घटना में शामिल दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए. अन्यथा हमारा आंदोलन जारी रहेगा.
वहीं युवा रालोसपा के प्रदेश महासचिव जितेंद्र कुमार पासवान ने कहा कि घटना के 3 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों को नहीं पकड़ सकी है। इस घटना के बाद से महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है। पीड़ित परिवार काफी गरीब है. अभी तक उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया है.
स्थानीय थानाध्यक्ष की भूमिका संदिग्ध है. हम लोग अधिकारियों से मांग करते है कि स्थानीय थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दोषियों का पता लगाते हुए उन्हें जेल भेजा जाए. ताकि इस तरह की घटना पुनरावृत्ति न हो।