2020/12/14

स्वजनों के मना करने के बावजूद लड़की से मिलने पहुंचे आशिक की पीट-पीटकर हत्या

बिहार के बक्सर में एकबार फिर कानून को हाथ में लेने का मामला सामने आया है। राजपुर थानाक्षेत्र के पलिया गांव में रविवार की रात लड़की से मिलने पहुंचे लड़के को ग्रामीणों और लड़की के स्वजनों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाज के लिए राजपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है। मृतक की पहचान गुल मोहम्मद के पुत्र सोनू अंसारी (25) के रूप में हुई है। 

गांव की ही युवती के साथ चल रहा था प्रेम-प्रसंग

बताया जाता है कि पलिया गांव की ही एक युवती के साथ सोनू अंसारी का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक को पूर्व भी स्वजनों द्वारा लड़की से न मिलने की चेतावनी दी गई थी, बावजूद इसके युवक का लड़की के घर आने-जाने का सिलसिला बना हुआ था। रविवार की रात करीब 12.30 बजे सोनू लड़की से मिलने उसके घर पहुंच गया। जानकारी होते ही लड़की के स्वजनों ने ग्रामीणों को सूचना देकर बुला लिया।

मार-मारकर ग्रामीणों ने किया अधमरा, अस्पताल में तोड़ा दम

ग्रामीणों ने पहुंचते ही लाठी डंडों से पिटाई शुरू कर दी। मार-मारकर युवक को ग्रामीणों ने अधमरा कर दिया। इस बीच किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए राजपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर डीएसपी गोरख राम ने बताया कि युवक देर रात लड़की के घर गया था। इस दौरान लड़की के स्वजन और ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप में दो को हिरासत में लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है।