SAMASTIPUR : ठंड के कारण बाजार की दुकानें देरी से खुल रही है और पहले बंद हो जा रही है। इससे व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। एक ओर जहां कंबल, शॉल, गर्म कपड़े, मीट-अंडा, गीजर, रूम हीटर की बिक्री बढ़ी है। वहीं दूसरी ओर बाजार की अन्य दुकानों पर ग्राहकों की संख्या 25 फीसद तक कम गए है। ठंड बढ़ जाने से एकाएक सभी चीजों की खरीद बिक्री पर ग्रहण सा लग गया है।
शहर के ताजपुर रोड स्थित आराध्या मार्ट की संचालक मधु कुमारी ने ठंड की वजह से कंबल व गर्म कपड़े की डिमांड बढ़ी है। इसके अलावा पर्दा की खरीदारी में तेजी आई है। ग्राहक भी ज्यादातर दोपहर के समय ही आते है। ठंड बढ़ने से स्वभाविक है कि ग्राहकों की संख्या में कमी आएगी। गिफ्ट व खिलौना का व्यवसायी भी थोड़ा कम गया है।
अचानक ठंड बढ़ जाने के कारण बीमार पड़ने के भय से बहुत से छोटे मोटे व्यवसाय करने वाले व्यापारी सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सामान बिक्री करने से परहेज कर रहे हैं। फलत: सामान की खरीदारी पर असर पड़ रहा है। भारद्वाज इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक नीतीश भारद्वाज ने बताया कि कोरोना संकट के कारण कारोबार मंदा पड़ गया था।
अब ठंड बढ़ने से इससे संबंधित सामान गीजर, रूम हीटर, ब्लोअर आदि की बिक्री 75 प्रतिशत बढ़ गई है। इसके विपरीत ठंड बढ़ने के कारण कर्मचारी देर से पहुंच रहे हैं, जिससे दुकान एक घंटा देर से खुल रही है और रात में एक घंटा पहले दुकान को बंद करना पड़ रहा है। किराना दुकानदार संजीत तिवारी ने बताया कि लगभग सभी चीजों का व्यवसाय ठंड व कुहासे से प्रभावित होकर पूरी तरह सिकुड़ गया है।