2020/12/13

दर्दनाक:पति-पत्नी ने की आत्महत्या,पति ने साड़ी का फंदा लगा और पत्नी ने जहर पीकर दे दी जान

JAMUI :  चकाई थाना अंतर्गत पंचमुखी चौक के समीप बंद कमरे से पुलिस ने पति और पत्नी का शव बरामद किया। पति का शव पंखे के लटका था, जबकि पत्नी का शव बेड पर पड़ा था। प्रथम दृष्टया खुदकुशी का अंदेशा जताया जा रहा है।

बताया जाता है कि आपसी कलह से परेशान पति पत्नी ने शुक्रवार की देर रात खुदकुशी कर ली। मृतक के पिता जगदेव राम ने बताया कि प्रतिदिन की तरह उनके बेटे और बहू खाना खाकर रात में अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार को जब वे लोग दिन के आठ बजे तक सोकर नहीं उठे तो उन्हें जगाने का प्रयास किया।

 अंदर से कमरा बंद रहने और दरवाजा नहीं खोलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर चकाई थाना अध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी, अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर लोग दंग रह गए। अजय राम (24) साड़ी के फंदे से पंखा से लटका था, जबकि बिछावन पर पत्नी प्रीति देवी (23) मृत पड़ी हुई है। 

प्रीति के शव के समीप जहर की पुड़िया, दो प्लास्टिक शीशी, ग्लास, टेबल पर रखा था। जिसके बाद पुलिस ने अजय का शव उतारा। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संभावना जताई जा रही है कि पति पत्नी में पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। 

जिससे परेशान पति ने पहले पत्नी को जहर खिलाया, उसके बाद खुद भी फांसी से लटक कर जान दे दी। पिता जगदेव राम ने भी पुलिस को दिए बयान में कहा है कि पति पत्नी में कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है।


प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। जिससे परेशान दोनों ने आत्महत्या कर ली। पुलिस सभी बिदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है----राजीव तिवारी, थानाध्यक्ष, चकाई