2020/12/13

जयमाला के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में युवक की मौत, 24 घंटे के दौरान दो ने गंवाई जान

भोजपुर जिले की शादियों में अब बंदूक का खौफ मंडराने लगा है। चौबीस घंटे के अंदर दो जाने जा चुकी हैं। ताजा घटना सिकरहटा थाना क्षेत्र के चंदा गांव की है। शनिवार की देर रात जयमाल के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद शादी का उत्सवी माहौल मातम में तब्दील हो गया। मृत युवक 19 वर्षीय मुन्ना राम चंदा गांव निवासी संजीवन राम का पुत्र बताया जाता है। वारदात के बाद रविवार की सुबह शव का पोस्टमॉर्टम सदर अस्पताल में कराया गया। इधर, घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। स्वजन अज्ञात लोगों पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।

दरवाजे बरात पहुंचते ही शुरू हुई थी फायरिंग

बताया जाता है कि बिहियां थाना क्षेत्र के दोघरा गांव से सिकरहटा थाना क्षेत्र के चंदा गांव निवासी विनोद पाल के यहां बरात आई हुई थी। इस दौरान रात में दरवाजे पर बरात पहुंचने के बाद दूल्हा-दुल्हन के जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान हर्ष फायरिंग भी हो रही थी। इसी दौरान कमर के पीछले भाग में गोली लगने से मुन्ना राम घायल हो गया। जिसके बाद अफरातफरी मच गई। बाद में गंभीर रूप से घायल मुन्ना राम को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया जा रहा था कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। बाद में सूचना मिलने पर सिकरहटा थाना पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस के अनुसार किसके हथियार से फायरिंग हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है । 

दूल्हन के चाचा बोले-किसी ने मारी गोली

दूल्हन के चाचा धनोज पाल ने बताया कि दरवाजे पर बरात पहुंचने के समय घटना घटित हुई है। हर्ष फायरिंग नहीं हो रही थी। अचानक मुन्ना को पीछे से किसी ने गोली मारी है। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

बरात के दौरान फायरिंग में दो की जा चुकी है जान

भोजपुर में पिछले चौबीस घंटे के दौरान बरात में फायरिंग के दौरान दो युवकों की जान जा चुकी है। पहली घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में घटित हुई थी। जहां सासाराम से आई बरात में नाच व हर्ष फायरिंग को लेकर विवाद में निकेश कुमार नामक एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसे लेकर हंगामा भी हुआ था। दूल्हे के पिता विजय सिंह समेत तीन आरोपित पकड़े जा चुके हैं। एक लाइसेंसी रायफल व देसी बंदूक जब्त है। वहीं शनिवार की रात फिर सिकरहटा के चंदा गांव में दरवाजे बरात लगने व जयमाला के समय मुन्ना राम की गोली लगने से मौत हो गई।