2020/12/13

शादी समारोह में वरमाला के समय गोली चली, एक दर्जन घायल, 3 की हालत गंभीर

JHARKHAND :  गुमला में हर्ष फायरिंग में तीन लोगों को गोली लगने से हड़कंप मच गया है। गुमला के सिसई थाना क्षेत्र के रेड़वा गांव में शुक्रवार की शाम छोटू साहू के घर शादी समारोह में फायरिग के दौरान बरात में शामिल तीन लोगों के पांव में गोली लग गई। इस घटना में शांति नगर गुमला के कालीचरण साहू, फसिया बरटोली के हुलेश साहू और खोरा पतराटोली के रोहित साहू घायल हो गए।

 गंभीर रूप से घायल रोहित साहू का प्राथमिक उपचार गोकुल नगर स्थित अस्पताल में किया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया। जबकि कालीचरण साहू और हुलेश साहू का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।

घायल कालीचरण साहू ने बताया कि वे लोग बघिमा टुकुटोली से अपने रिश्तेदार अरुण साहू की बरात में सिसई के रेड़वा छोटू साहू के घर गए थे। दरवाजा पर जयमाला का कार्यक्रम हो रहा था। इसी दौरान किसी ने हवाई फायङ्क्षरग की, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद उन लोगों को इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल लाया गया। 

पुलिस ने गुमला सदर अस्पताल में इलाजरत घायल कालीचरण साहू और हुलेश साहू का फर्द बयान लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सिसई थाने के थाना प्रभारी अभिनव कुमार ने बताया कि शादी समारोह में गोली चली थी। घटना के बारे में छोटू साहू से पुलिस पूछताछ कर रही है।