BEGUSARAI : नगर थाना क्षेत्र के एनएच-31 फलमंडी के समीप रेलवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बस से कुचलने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतिका की पहचान सहरसा जिले के सोनवर्षा निवासी स्व. पंकज कुमार की 39 वर्षीय पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला अपनी दो बेटी लक्ष्मी, आरती समेत अन्य रिश्तेदारों के साथ नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के अझौर से लौट रही थी। मृतका की पुत्री लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि अझौर में 20 नवंबर को रिश्तेदार के घर शादी समारोह में भाग लेने गए थे। शनिवार को लौटने के क्रम में रेलवे ओवरब्रिज के समीप सड़क पार करने के दौरान लाल रंग की तेज रफ्तार बस ने उनकी मां को कुचल दिया।
जानकारी मिलते ही नगर थाना के अनि वरूण कुमार ने दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इधर रिश्तेदार की लौटने के क्रम में मौत की जानकारी मिलते ही अझौर समेत मृतिका के गांव में कोहराम मचा है।
नगर थाना पुलिस शनिवार की शाम तक शव के पोस्टमार्टम कराने व स्वजन के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने में लगी है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अभयशंकर ने बताया कि बस पंजाब से मजदूरों को ले जाने आई थी। मृतका के स्वजनों के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मौके से भाग रहे चालक को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।