SAMASTIPUR : उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार को मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के टाड़ा गांव से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान टाड़ा गांव के दीपक कुमार सिंह के रूप में हुई है। उत्पाद अधीक्षक प्रमोदित नारायण सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि टाड़ा गांव में चोरी छुपे अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप लाकर अनलोड किया जा रहा है। तत्काल उत्पाद निरीक्षक कपिलदेव कुमार के नेतृत्व में टीम ने उक्त स्थल पर दबिश बनाई।
इस क्रम में एक मकान के तहखाने से बोरे में बंद भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। दूसरी ओर उत्पाद विभाग की टीम ने खानपुर थाना क्षेत्र के ताल एघरा और कल्याणपुर के भगवानपुर गांव में छापेमारी कर देसी और अंग्रेजी शराब समेत एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उत्पाद निरीक्षक कपिलदेव कुमार ने बताया कि ताल एघरा गांव से 98 लीटर चुलाई शराब, 1600 लीटर जावा गुड़ बरामद किया।
वहीं कल्याणपुर के भगवानपुर में 750 एमएल के 10 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ धंधेबाज संजय बैठा को गिरफ्तार किया। छापेमारी दल में प्रभारी निरीक्षक कृष्णा प्रसाद, प्राणेश कुमार, मनोज कुमार, प्रमोद कुमार, मुकेश कुमार, रितु कुमारी, एएसआइ त्रिभुवन चौधरी समेत सशस्त्र बल शामिल रहे।
दारू के साथ युवक गिरफ्तार, जेल
हसनपुर थाना क्षेत्र के मालदह गांव में पुलिस ने छापेमारी कर एक बाइक सवार युवक को एक लीटर महुआ दारू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त गौरी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मालदह गांव के शंकर कुमार नामक युवक महुआ दारू बनाकर चोरी छिपे बिक्री करता है। उसी सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में उक्त बाइक सवार युवक को एक लीटर महुआ दारू के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार कारोबारी के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सोमवार को जेल भेज दिया गया है।