PATNA : दीदारगंज थाना अन्तर्गत फतेहपुर गांव के समीप एक मकान में खुली मुर्गी फार्म में संचालित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन शुक्रवार को एसटीएफ की विशेष टीम ने किया। गुप्त सूचना के आधार पर रात के अंधेरे में की गई छापेमारी में कई थानों की पुलिस भी शामिल थी।
दीदारगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार मांझी ने बताया कि मुर्गी फैक्ट्री में चल रही मिनी गन फैक्ट्री से 7.69 एमएम की दस देशी पिस्टल, 7.69 एमएम का 14 अर्द्धनिर्मित देशी पिस्टल, 20 मैगजीन और पांच जिंदा गोली बरामद हुई है। इनके पास से एक मोटर साइकिल, लेथ मशीन, कई उपकरण तथा तीन मोबाइल भी बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि देशी पिस्टल तैयार करने का काम कुछ दिन पहले ही मुन्ना सिंह एवं मुकेश पटेल ने शुरू किया था। यह दोनों मौके से भाग निकले। दीदारगंज थाना क्षेत्र के गौरीचक स्थित फतेहपुर निवासी मुन्ना सिंह के भाई राजा कुमार एवं इसी गांव के विनोद राम को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार होने वालों में मुंगेर के मुफसिल थाना अन्तर्गत मिर्जापुर वरदा निवासी मो. कमाल उर्फ गुड्डू, मिर्जापुर वरदा के ही मो. मो. सोहेब आलम व मो. महफूज, मो. इम्तियाज शामिल है। छापेमारी में एसडीएफ की टीम के दीदारगंज, गोपालपुर, गौरीचक व अन्य थानों की पुलिस भी थी।