BEGUSARAI : बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र के निराला नगर स्थित बालिका गृह में एक लड़की ने गले में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के मोर गांव वार्ड संख्या 25 निवासी राजीव कुमार सिंह की 17 वर्षीया पुत्री गुड़िया कुमारी थी। बताया जाता है कि वह पिछले 6 महीने से वहां रह रही थी। परिजनों का कहना है कि गुड़िया घर से भाग गई थी जिसके कारण बालिका गृह में 6 महीने से रह रही थी।
एक रूम में 10 लड़कियां रहती थीं
मृतक के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि बालिका गृह में उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। उनका यह भी कहना है कि यहां सुरक्षा नाम की कोई चीज नहीं है और न ही ठीक से किसी की देखभाल की जाती है। हमलोग जब अपनी बेटी से बात करने की कोशिश करते तो यहां के लोग हमलोगों को उससे बात भी करने नहीं देते थे। परिजनों ने यह भी कहा कि एक रूम में 10 लड़कियां रहती थीं, तो फिर इसने आत्महत्या कैसे कर ली।
क्या कहते हैं अधिकारी
बालिका गृह की अधिकारी सुधा कुमारी ने बताया कि शुक्रवार को गुड़िया ने थोड़ा सा खाना लिया और ऊपर वाले कमरे में जाकर कमरे को बंद कर लिया। काफी देर तक कमरा नहीं खोलने पर सुधा कुमारी ने रतनपुर थाना को सूचना देकर बुलाया। पुलिस ने जब गेट को तोड़ा तो गुड़िया का शव पंखे से झूलता पाया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बलिका गृह पूर्व से है विवादित
पहले भी यह बालिका गृह विवादों में रहा है और यहां से लड़कियां जब-तब भागती रही हैं।