MADHUBANI : जिले के लदनियां थाना क्षेत्र के लछमिनिया पंचायत के गोदाम टोल में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। बड़े भाई ने माता-पिता के साथ मिलकर अपने छोटे भाई व उसकी पत्नी से गोलियों से भून कर हत्या कर दी है।
जानकारी के अनुसार रात में साए हुए अवस्था में ही राजीव साह (40) व उनकी शिक्षिका पत्नी रेणु कुमारी (35) को गोलियों से भून दिया गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक के पिता छेदी साह, मां वीणा देवी व बड़े भाई संजय साह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की भाभी रूणा देवी भी इस घटना में नामजद है जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बता दें कि मृतक राजीव साह का गैस सिलेंडर का निजी व्यवसाय था जबकि उनकी पत्नी रेणु कुमारी महुआ टोल स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी।
जानकारी के अनुसार मृतक राजीव साह व पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार उनके माता-पिता पहले से फर्जी शिक्षक मामले में आरोपित हैं। मृतक के पिता छेदी साह के विरूद्ध ललमनियां ओपी में, जबकि मां वीणा देवी के खिलाफ लदनियां थाने में मामला दर्ज है। लदनियां थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह व इंस्पेक्टर प्रवीण झा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और लोगों से पूछताछ की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बता दें कि मृतक शिक्षिका के भाई पिपराही निवासी मनोज साह के आवेदन पर लदनियां थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें मृतिका के सास-ससुर, जेठ व जेठानी के अलावा अन्य को अभियुक्त बनाया गया है।