SAMASTIPUR : दहेज प्रताड़ना मामले के एक अभियुक्त को रोसड़ा पुलिस ने मधुबनी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दरभंगा के नीम चौक निवासी सनाउल्लाह के पुत्र फैयाज अहमद खान मधुबनी अस्पताल में निजी कर्मी के रूप में कार्यरत है। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को अवर निरीक्षक हारून रशीद की अगुवाई में पहुंची पुलिस टीम ने उक्त आरोपित को गिरफ्तार कर रोसड़ा लाया।
पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया के पश्चात जेल भेजा जाएगा। बताते चलें कि शहर के डगबरटोली निवासी साबिया तबस्सुम ने अपने पति पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराई थी। रोसड़ा थाना कांड संख्या 346/20 में चार वर्ष पूर्व 25 मई 2016 को फैयाज से शादी होना बताई थी।
पीडिता ने शादी के कुछ माह के बाद से ही पति एवं परिजन द्वारा तरह-तरह से प्रताड़ित करने का आरोप लगाई थी। एक वर्ष की बेटी की मां साबिया ने पति एवं अन्य द्वारा दहेज के लिए मारपीट कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाते हुए रोसड़ा पुलिस से न्याय की गुहार लगाई थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सीताराम प्रसाद ने कहा कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है।