SAMASTIPUR : पूसा- पछिया हवा चलने के साथ ही ठंड में इजाफा होगा। सुबह में घना कुहासा भी छाया रह सकता है। यह कहना है मौसम विभाग का। मंगलवार को जारी बुलेटिन में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने 13 दिसंबर तक के लिए जारी पूर्वानुमान में यह बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमान की अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में कहीं-कहीं हल्के बादल छा रह सकते है। वैसे मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह में मध्यम से घना कुहासा देखे जा सकते है।
मौसम विभाग ने किसानों के लिए जारी समसामयिक सुझाव में कहा है कि प्याज की रोपाई के लिए खेतों की तैयारी करें। खेत की जुताई में 15 से 20 टन गोबर की खाद, 60 किलोग्राम नेत्रजन, 80 किलोग्राम फॉंसफोरस, 80 किलोग्राम पोटास तथा 40 किलोग्राम सल्फर प्रति हेक्टेयर का व्यवहार करें। जिन किसानों का प्याज का पौध 50-55 दिनों का हो गया हो वे छोटी-छोटी क्यारियां बनाकर पंक्ति से पंक्ति की दूरी 15 सेमी, पौध से पौध की दुरी 10 सेमी पर रोपाई कर सकते है। क्यारियों का आकार, चैड़ाई 1.5 से 2.0 मीटर तथा लम्बाई सुविधानुसार 3-5 मीटर रखे। प्याज की नर्सरी से खरपतवार निकाल कर हल्की सिचाई करें।