SAMASTIPUR : पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए 31 दिसंबर तक मेमू एवं डेमू ट्रेनों को फिर से चलाने का फैसला किया था। इसकी शुरूआत मंगलवार से हो गई। ससमय दोनों ट्रेनों का परिचालन आरंभ हुआ। इसके साथ ही जयनगर से कोलकाता के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेन को भी चलाया जाएगा।
ट्रेन नंबर 03357 दरभंगा से पटना मेमू स्पेशल पैसेंजर ट्रेन दरभंगा से 15:00 बजे खुली और 16:15 बजे समस्तीपुर पहुंची। यह ट्रेन 21:30 बजे पटना पहुंचेगी. इसी तरह 03358 मेमू स्पेशल पैसेंजर ट्रेन सुबह 6:40 बजे पटना से खुलकर पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर होते हुए 13:30 बजे दरभंगा स्टेशन पहुंची। दूसरी ओर मंडल के सहरसा स्टेशन से ट्रेन नंबर 03359 मेमू स्पेशल पैसेंजर ट्रेन दिन में 3 बजे खुलकर खगड़िया, बेगूसराय मोकामा, पटना साहिब स्टेशन होते हुए रात को 22:15 बजे पटना पहुंचेगी. जबकि ट्रेन नंबर 03360 सुबह 6 बजे पटना से खुलकर राजेन्द्र नगर टर्मिनल, मोकामा, बेगूसराय खगड़िया होते हुए दिन में 2:30 बजे सहरसा पहुंचेगी.
12 से जयनगर से कोलकाता के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
समस्तीपुर रेलमंडल के जयनगर स्टेशन से कोलकाता के लिए रेलवे ने 03135/36 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की 12 दिसंबर को कोलकाता से शुरुआत होगी। 13 दिसंबर को यह ट्रेन कोलकाता के लिए जयनगर से खुलेगी। 03135 स्पेशल ट्रेन कोलकाता से प्रत्येक शनिवार को 20:55 रात्रि में खुलकर आसनसोल, झाझा, किउल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा होते हुए 10:45 बजे जयनगर पहुंचेगी।
जबकि ट्रेन नंबर 03136 स्पेशल ट्रेन जयनगर से प्रत्येक रविवार को 12:42 में खुलकर दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, आसनसोल होते हुए तड़के 3:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी। मंडल रेल प्रवक्ता सरस्वती चन्द्र ने बताया कि इस ट्रेन की सारी बोगियां आरक्षित होंगी।