SAMASTIPUR:नगर थाना की पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात छापेमारी कर एक चोरी की बाइक के साथ दो शातिर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुफस्सिल थाना के चकनूर निवासी रौशन राय के पुत्र हलिंद्र कुमार और बिरजू राय के पुत्र अरुण कुमार के रुप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 27 नवम्बर की रात शहर के रामबाबू चौक से मनीष कुमार उर्फ टिनू की बाइक चोरी कर ली। पीड़ित ने थाना में एक आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। एसआई संजय कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चकनूर में चोरी की बाइक बेची जा रही है।
सूचना पर तत्काल एसआई सुनील कुमार के नेतृत्व में नगर थाना की पुलिस टीम ने उक्त स्थल पर छापेमारी कर आरोपित अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हलिन्द्र कुमार के घर से चोरी की बाइक रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर33डब्लू4948 बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपित के द्वारा बाइक के नंबर प्लेट से रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर किसी व्यक्ति को बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
बता दें कि हाल में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। इसको लेकर पुलिस की तत्परता बढ़ गई है। नगर थाना के एसआई संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित ने चोरी की घटना में संलिप्ता स्वीकार की है। बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जाएगा। छापेमारी दल में एसआई सुनील कुमार, सेक्टर मोबाइल विनोद कुमार, चंदन कुमार, अकिन्दर कुमार समेत सशस्त्र बल शामिल रहे।