2020/12/03

समस्तीपुर में गोली कांड का आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

SAMASTIPUR:विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चकबिदुलिया निवासी बैजनाथ पोद्दार उर्फ मखनु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह जानकारी थानाध्यक्ष कृष्णचंद्र भारती ने दी। बताया कि एक गोली कांड में वह नामजद आरोपित था।

गांव के ही सुरेंद्र नाथ के पुत्र नवीन कुमार को उसने गोली मारकर जख्मी कर दिया था। मामले को लेकर जख्मी युवक द्वारा पुलिस के समक्ष दिए गए फर्द बयान के आधार पर स्थानीय थाना में एक प्राथमिकी दर्ज हुई थी। 

जिसमें कहा गया था कि आरोपित अपने हाथ में पिस्तौल लेकर जान मारने की नीयत से उस पर तान दिया। जब युवक भागने लगा तो उस पर फायर कर दी। गोली कमर के ऊपर पीठ में लगी। जख्मी भागकर अपने घर आ गया। 

तबतक आरोपित की पत्नी द्रौपदी देवी उसके दरवाजे पर आकर उसे जान मार देने को कहा। हल्ला की आवाज पर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। स्वजनों और ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी को अनुमंडल अस्पताल दलसिंहसराय में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। 

जहां से चिकित्सकों ने जख्मी युवक को सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया। स्थिति को देखते हुए स्वजनों ने एक निजी नर्सिंग होम में उसका ऑपरेशन करवाया। जहां गोली निकाली गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि शेष एक आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सघन छापेमारी कर रही है।