SAMASTIPUR:उजियारपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों से मंगलवार की शाम पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर दस बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है। वहीं दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि महिसारी के बाबू पोखर चौक के समीप एक बाइक सवार युवक की बाइक के डिक्की से एक बोतल शराब मिली।
युवक महिसारी का ही रहने वाला दीपक कुमार है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं निकसपुर गांव में अपने ही घर पर शराब पीकर हंगामा करते पंकज झा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि सातनपुर चौक स्थित एक दुकान के पीछे से नौ बोतल शराब बरामद की गई है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि सातनपुर से जब्त शराब मामले में धंधेबाज की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।