SAMASTIPUR : मुजफ्फरपुर और हाजीपुर में मुथूट फाइनेंस कंपनी से करोड़ों रुपये के सोना लूटकांड के आरोपित विकास झा को वैशाली डीआइयू और एसटीएफ की टीम ने मुंगेर पुलिस के सहयोग से पत्नी के साथ गिरफ्तार कर लिया। विकास के बयान पर वैशाली डीआइयू, दरभंगा पुलिस, मुजफ्फरपुर पुलिस और एसटीएफ पुलिस टीम संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है।
कभी दोस्तों के बीच क्रिकेट खेलने के दौरान हथियार रखने का शौकीन रहा शाहपुर पगड़ा गांव निवासी विजय शंकर झा का पुत्र विकास झा तीन जिलों में करोड़ो रुपये मूल्य का सोना लूट कर राज्य स्तर पर कुख्यात अपराधी बन चुका है। वर्षो से बिहार की स्पेशल पुलिस टीम के साथ कई जिले की पुलिस विकास की गिरफ्तारी को खाक छान रही थी ।
वह बार-बार लूट की घटना को अंजाम देकर आराम से निकल जाता था। आखिरकार दरभंगा में सोना कारोबारी से हुई लूट से सकते में आई बिहार पुलिस ने विकास झा को मुंगेर से गिरफ्तार कर लिया । इन मामलों से बिहार पुलिस विकास को कर रही थी तलाश
हाजीपुर पेट्रोल पंप की लूट से सुर्खियों में आए विकास झा ने एक के बाद लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। विकास ने दलसिंहसराय अनुमंडल के उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर लूट के दौरान गोली चलाई थी। उसके बाद उसने मुजफ्फरपुर में 6 फरवरी को पहले मुजफ्फरपुर मुथुट फाइनेंस से 33 किलो सोना लूट कर राज्य के सोना लुटेरा गिरोह में शामिल हुआ।
उसके बाद उसे सोने की चमक इतनी भाई कि उसने इसी माह नवंबर में बेगूसराय में स्वर्ण व्यवसायी से करीब तीन करोड़ रुपये का सोना लूट की घटना को अंजाम दे डाला। इसके महज 10 दिनों बाद ही हाजीपुर मुथुट फाइनेंस कंपनी की शाखा से 55 किलो सोना लूट लिया। मुजफ्फरपुर में 11 करोड़ की 33 किलो सोना लूट को अंजाम देने के बाद पूरी तरह अंदर ग्राउंड हो चुका था।
इसी बीच उसने बेगूसराय में शादी भी कर ली। लेकिन, दरभंगा में हुई स्वर्ण कारोबारी के दुकान में लूट के बाद बिहार पुलिस लगातार विकास की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दे रही थी। चचेरे भाई और भाभी से लगातार संपर्क में था विकास
पुलिस सूत्रों की माने तो दरभंगा में स्वर्ण कारोबारी के दुकान में हुई लूट की घटना के बाद विकास पगड़ा गांव में रह रहे चचेरे भाई और भाभी के संपर्क में था। वह फोन पर लगातार भाई और भाभी से संपर्क में था। सोना बरामदगी को लेकर दरभंगा, समस्तीपुर, दलसिंहसराय में लगातार छापेमारी में जुटी टीम
मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, दरभंगा में लूटे गए सोने की बरामदगी को लेकर विकास के खास रहे गुर्गो के साथ एसटीएफ, मुजफ्फरपुर और दरभंगा की टीम लगातार छापेमारी में जुटी है। पुलिस टीम समस्तीपुर, दलसिंहसराय और दरभंगा में लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि दरभंगा में लूटे गए सोना की कुछ मात्रा पुलिस ने बरामद कर लिया है।
INPUT-DAINIK JAGRAN