DESK : अवैध संबंधों के शक में पति ने शराब पीकर पत्नी को इतनी बेरहमी से पीटा कि आहत हाेकर उसने सल्फास निगल जान दे दी। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे।
मृतका की पहचान गोबिंदगढ़ की बलाला कालोनी निवासी मीरा (23) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पति गुलशन कुमार (20) को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि मीरा मूल रूप से समस्तीपुर (बिहार) वार्ड नंबर 6 गांगौली साख मोहन की रहने वाली थी। दो महीने पहले उसने भागकर गुलशन कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था।
गुलशन समस्तीपुर (बिहार) वार्ड नंबर 16 के चक ठाट का मूल निवासी है। दो महीने पहले ही यहां आकर किराये के मकान में रहना लगे थे। मगर आने आने के कुछ ही दिनों के बाद दोनों के बीच झगड़ा रहने लगा था।
आवाजें सुनकर पड़ोसी ने खोला दरवाजा
घटना बुधवार सुबह की है। गुलशन के कमरे से आवाजें सुनकर पड़ोसी ने दरवाजा खोल कर देखा तो अंदर मीरा फर्श पर पड़ी हुई थी। उसके मुंह से झाग निकल रही थी। उसके शरीर पर जगह जगह चोट के निशान थे। जबकि शराब के नशे में धुत गुलशन उसके पास ही खड़ा था। पूछने पर उसने बताया कि मीरा के किसी के साथ अवैध संबंध हैं। उसी बात को लेकर उन दोनों के बीच झड़प हुई। जिसके बाद उसने मीरा को बुरी तरह से पीट दिया। गुस्से में आई मीरा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लड़की के पिता जोगिंदर राम को फोन करके घटना की जानकारी दे दी गई है। वो लोग वहां से निकल चुके हैं। उनके आने पर पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल आरोपित के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने के आरोप में केस दर्ज किया जा रहा है। आरोपित फिलहाल नशे की हालत में है। वह कुछ बोल भी नहीं पा रहा है। उसके होश में आने पर पूछताछ की जाएगी।