SAMASTIPUR : घटहो ओपी क्षेत्र अंतर्गत मूसापुर स्थित गोरिआरी टोले में बुधवार की देर शाम ससुराल आए एक युवक को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान सरायरंजन थाने के भागवतपुर निवासी स्व. उपेंद्र पासवान के पुत्र शिबू पासवान (32) के रूप में की गई है।
घायल युवक को स्थानीय पुलिस की मदद से समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है । घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि उक्त युवक मूसापुर स्थित दीपक चौक पर बुधवार की देर शाम चाय पीने गया था । इस बीच बाइक सवार तीन अपराधी वहां आ धमके।
उन तीनों अपराधियों ने उक्त युवक पर अचानक हमला बोल दिया और उसे पिस्तौल की बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया । वहीं पिस्तौल से उक्त युवक पर फायरिंग भी की जो उसके गर्दन को छूते हुए निकल गई। युवक पर हमले के कारण बीच-बचाव को आए एक अन्य ग्रामीण रामप्रसाद पंडित भी घायल हो गए।
घटना के बाद सभी अपराधी पिस्तौल लहराते हुए बाइक पर सवार होकर भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई । वहीं घटहो ओपी प्रभारी प्रेम प्रकाश आर्य भी दलबल के साथ घटनास्थल की ओर कूच किया । घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के तुरंत बाद दलसिंहसराय से आए पुलिस निरीक्षक उमाशंकर सिंह ने भी स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी । घायल युवक के स्वजनों ने घटना का कारण पूर्व की रंजिश बताया है।