2020/12/13

दरभंगा में ज्वेलरी दुकान से करोड़ों रुपये के जेवरात लूट कांड में समस्तीपुर में भी छापेमारी

SAMASTIPUR : दरभंगा में ज्वेलरी के थोक विक्रेता की दुकान से करोड़ों रुपये के जेवरात लूट कांड में दरभंगा पुलिस की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ शुक्रवार देर रात मुसरीघरारी थाना क्षेत्र सहित कई संभावित स्थानों पर छापेमारी की। हालांकि, कई ठिकानों पर छापेमारी करने के बाद भी पुलिस को खास सफलता नहीं मिल पाई। लेकिन, पुलिस का दावा है कि गिरोह को चिह्नित कर लिया गया है। 

पुलिस सूत्रों की मानें तो लूटकांड में स्थानीय कुछ बदमाशों की संलिप्तता भी इस कांड में सामने आ रही है। इसको लेकर लूटकांड में गठित एसआइटी व टास्क फोर्स की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश बनाए हुए हैं। अलबत्ता कई बिदु भी सुलझ गए हैं। लूटकांड को अंजाम देने वाला गिरोह काफी शातिर बताया जा रहा है।

 लिहाजा, संभावित ठिकानों पर पुलिस की नजर है। सूत्रों के मुताबिक लूटकांड में पकड़े गए आरोपितों की निशानदेही पर दरभंगा पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हालांकि, अनुसंधान प्रभावित न हो इस कारण पुलिस अधिकारी तत्काल कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं।

 एसटीएफ व सीआइडी की टीम भी लगातार सुराग तलाशने में जुटी है। ज्ञात हो कि गत 9 दिसंबर को दरभंगा नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में सशस्त्र अपराधियों ने धावा देकर स्वर्णाभूषण दुकान से करोड़ों रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए।