2020/12/13

समस्तीपुर : राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई, 1031 मामले निष्पादित

SAMASTIPUR : कोरोना संकट के कारण जिले में पहली बार शनिवार को ऑनलाइन लोक अदालत आयोजित हुई। जिसमें कुल 1031 मामलों का निपटारा किया गया। इसमें मौके पर चार करोड़ 56 लाख 94 हजार 361 रुपये पर समझौता हुआ। समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया गया। अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश बटेश्वर नाथ पांडेय ने की। 

संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि शंकर ने किया। इसमें पंचम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दशरथ मिश्रा, चतुर्थ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश गोयल, एसीजेएम प्रथम रंजीत कुमार, एसीजेएम प्रथम पीसी वर्मा आदि उपस्थित रहे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने लोक अदालत के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। 

लोक अदालत में परिवार न्यायालय से संबंधित वाद, क्लेम व एमएसीटी, बिजली, चेक बाउंस, पारिवारिक से संबंधित मामलों का निपटारा किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने किया। बैंक रिकवरी के सबसे अधिक मामले आए सामने

लोक अदालत में 1031 मामलों का निपटारा हुआ जिसमें सबसे ज्यादा बैंक रिकवरी के 997 मामले निष्पादित किए गए। एमएसीटी के 13, क्रिमिनल कंपाउंडेबल केस के छह, बिजली बिल के 10, विवाह से संबंधित तीन व एक अन्य मामलों का सुलह के आधार पर निपटारा किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में आए मामलों के निपटारे को लेकर समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय में चार बेंच का गठन किया गया। 

वहीं जिले के तीन अनुमंडलों रोसड़ा, दलसिंहसराय व पटोरी में इसके लिए दो-दो बेंच बनाए गए थे। प्रत्येक बेंच में अलग-अलग विभागों के मामलों की सुनवाई कराई गई। लोगों को बिना न्यायालयी खर्च के अपने मामलों में न्याय मिला। इसमें दोनों पक्षों की संतुष्टि के आधार पर निर्णय लिया गया।

अलग-अलग बेंच पर अलग-अलग मामले का निपटारा

बेंच संख्या एक पर परिवार न्यायालय से संबंधित मामले सुने गए। जहां अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ योगेश गोयल रहे। वहीं बेंच दो में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम दशरथ मिश्रा ने एमएसीटी, क्लेम व सभी एडीजे व एफटीसी कोर्ट के मामले सुने।

 बेंच तीन में एसीजेएम प्रथम रंजीत कुमार ने हर प्रकार के क्रिमिनल व विद्युत से संबंधित मामलों को सुलह के आधार पर निपटारा कराया। जबकि बेंच चार पर एसीजेएम पीसी वर्मा ने बैंक से संबंधित सभी प्रकार के मामलों की सुनवाई कर उसका निपटारा किया।