2020/12/13

बिहार : बारात में डांसरों से छेड़खानी का विरोध किया तो वकील को पीटकर मार डाला

PATNA :  मसाैढ़ी व्यवहार न्यायालय के वकील और रहमतगंज निवासी मो. मेहर अनवर की शनिवार की सुबह नालंदा में बदमाशों ने पीट-पीट कर हत्‍या कर दी। ब्रह्मर्षि कॉलोनी से एक अधिवक्ता पुत्र की बारात नालंदा के एकंगरसराय थाने के पेंदापुर गांव गई थी। शुक्रवार की रात शादी में नाच का कार्यक्रम चल रहा था।

इसी दौरान नशे में धुत कुछ ग्रामीण युवक स्टेज पर चढ़ गए और डांसरों के साथ छेड़खानी करने लगे। इसका विरोध बारात पार्टी ने किया, जिससे विवाद बढ़ गया। उन युवकों को बारात पार्टी ने दो-चार थप्पड़ मार दिए। इसके बाद युवक वहां से चले गए और दनियावां मोड़ के पास करीब तीन दर्जन लोग बारात पार्टी से बदला लेने के लिए लाठी-डंडे के साथ घात लगाकर बैठ गए।

बारात गाड़ी जैसे ही दनियावां मोड़ के पास पहुंची, लोगों ने घेर लिया और लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी। इसमें अधिवक्ता मेहर अनवर की मौत मौके पर ही हो गई और सात-आठ अन्य लोग जख्मी हो गए।मेहर के अनुज मो नदीम ने 4-5 ज्ञात व 7 -8 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मेहर अकेले ही रहमत गंज स्थित अपने पैतृक मकान में रहते थे।