SAMASTIPUR :कल्याणपुर थाना क्षेत्र के खजूरी स्कूल के समीप मंगलवार की शाम ईख लदी ट्रैक्टर की ठोकर से एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं दूसरी महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। लोगों के मुताबिक मृतका मीना देवी (45) गांव के ही अशर्फी दास की पत्नी थी। वहीं जख्मी महिला की पहचान राजाबाबू दास की पत्नी रामकुमारी देवी के रूप में हुई है।
जख्मी महिला को इलाज के लिए ग्रामीणों ने निजी क्लिनिक में भर्ती कराया है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों महिला गांव के ही सब्जी मंडी से अपने घर लौट रही थी। उसी समय खजूरी स्कूल के समीप मालीपुर से धर्म कांटा पर जा रहा था ईख लदे ट्रैक्टर ने दोनों महिला को अपनी चपेट में ले लिया।
इससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दूसरी महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को जप्त कर लिया है। वहीं थाना अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।