SAMASTIPUR : रोसड़ा में SDO ब्रजेश कुमार ने शनिवार को प्रखंड और अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों कार्यालय की रोकड़ पंजी अद्यतन नहीं रहने पर असंतोष व्यक्त करते हुए हर हाल में 7 दिनों के अंदर अपडेट करने का निर्देश दिया। सुबह करीब 11 बजे प्रखंड कार्यालय पहुंचे एसडीओ ने सर्वप्रथम राशन कार्ड से संबंधित जांच कार्यों की समीक्षा की।
500 से अधिक जांच पेंडिग देख नाराजगी जताते हुए 24 घंटे के अंदर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का सख्त निर्देश बीडीओ अनुरंजन कुमार को दिया। वही उन्होंने विभिन्न योजनाओं से संबंधित संचिकाओं की भी समीक्षा करते हुए सरकार द्वारा जारी विकासात्मक योजनाओं को हर हाल में निर्धारित अवधि में पूरा करने का निर्देश दिया।
साथ ही सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरतने की भी नसीहत दी। तत्पश्चात अंचल कार्यालय में राजस्व उगाही का जायजा लेते हुए लक्ष्य प्राप्ति का निर्देश दिया। वही दाखिल खारिज एवं आरटीपीएस के कार्यों का भी निरीक्षण करते हुए कई आवश्यक निर्देश अंचलाधिकारी अंबपाली यादव को दिया।
मौके पर मौजूद सहकारिता पदाधिकारी जय प्रकाश सिंह से धान अधिप्राप्ति से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। बीसीओ ने 13 पैक्सों द्वारा धान अधिप्राप्ति से संबंधित तैयारी पूर्ण करना बताते हुए जल्द ही अधिप्राप्ति प्रारंभ करने की जानकारी दी। एसडीओ ने सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को कर्तव्य के प्रति सजग रहने के साथ-साथ निर्धारित समय पर सभी कार्यों को पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया।