2020/12/09

कहने वाले कह रहें लव जिहाद, पुलिस ने फ्रॉड बता प्रेमी-प्रेमिका को भेजा जेल

DESK : इस प्यार को आप चाहे जो नाम दें-लव जिहाद, लव फ्रॉड, लव लूट ... लेकिन प्यार तो नहीं कह सकते हैं। प्रेमी-प्रेमिका ने काम ही कुछ ऐसा किया कि अब घर परिवार, समाज और पुलिस की नजर में अपराधी हैं। पुलिस ने प्रेमी और प्रेमिका को 10 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की। इसके बाद दोनों को धनबाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अब जमानत होने तक दोनों जेल की रोटी खाएंगे। 

क्या है मामला 

धनबाद के भूली की युवती ने अपने प्रेमी इरशाद अंसारी के साथ मिलकर अपने दादा के बैंक अकाउंट से 11.80 लाख रुपये निकासी कर ली थी। इस मामले में धनबाद साइबर थाना की पुलिस ने सोमवार को दोनों को गिरफ्तार किया था। युवती के ब्वॉय फ्रेंड की निशानदेही पर पुलिस ने 8.50 लाख रुपये भी कोलकाता से बरामद कर लिया है। इस मामले में छह अक्टूबर को युवती के चाचा भूली डी ब्लॉक निवासी राकेश कुमार ने साइबर थाना में शिकायत की थी। उन्होंने अज्ञात  अपराधियों पर शक जाहिर करते हुए बताया था कि उनके पिता युगल प्रसाद के एसबीआइ के अकाउंट से 11 लाख 80 हजार रुपये की निकासी कर ली गई है। छानबीन में राकेश कुमार की भतीजी ही पुलिस जांच के घेरे में आ गई। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके ब्वॉय फ्रेंड को गिरफ्तार कर इस कांड का पटाक्षेप कर दिया। पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसने अपने ब्वॉय फ्रेंड के साथ मिलकर यह काम किया। 

डेढ़ माह के अंतराल में हुई निकासी

साइबर थाना के इंस्पेक्टर नवीन राय ने बताया कि मुकदमा होने के बाद अनुसंधानकर्ता जितेंद्र कुमार ने जिस-जिस एटीएम से रुपये की निकासी हुई थी, वहां के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फुटेज में कोई स्पष्ट तस्वीर नहीं थी। एक बात खटक रही थी कि डेढ़ माह के अंतराल में इतनी रकम की निकासी हुई और खाताधारक के मोबाइल पर ओटीपी का कोई मैसेज नहीं था। इसी बात ने घर के सदस्य की ओर संदेह बढ़ाया। पुलिस ने पता लगाना शुरू किया कि जब-जब पैसे की निकासी हुई, उस वक्त घर में कौन-कौन थे। पुलिस को पता चला कि जब भी निकासी हुई युगल प्रसाद की पोती घर में ही थी, लेकिन परिवार को उस पर कोई शक नहीं था। हालांकि पुलिस ने जब युवती को पूछताछ के लिए थाना लाने के लिए कहा, तो उसके चाचा राकेश कुमार उसे कोलकाता से लेकर साइबर थाना पहुंचे। उससे पूछताछ व मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस उसके ब्वॉय फ्रेंड को भी पकड़कर थाना ले आई। युवती ने तो पहले पूछताछ के दौरान पुलिस को चकमा दे दिया था पर उसके ब्वॉय फ्रेंड ने पुलिस के सामने घुटने टेक दिए। उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। ब्वॉय फ्रेंड इरशाद अंसारी की निशानदेही पर अनुसंधानकर्ता उसे लेकर कोलकाता गए तथा कोलकाता बिस्टूपुर स्थित एक फ्लैट से साढ़े आठ लाख रुपये बरामद किए। युवती तथा इरशाद अंसारी को पुलिस जेल भेजने की तैयारी में है। इरशाद अंसारी भी सिटी कॉलोनी, बाइपास रोड भूली का रहने वाला है।

डेढ़ माह में युवती ने ब्वॉय फ्रेंड को किए डेढ़ हजार कॉल  

दादा के अकाउंट से मोटी रकम उड़ाने में गिरफ्तार पोती तथा उसके ब्वॉय फ्रेंड इरशाद अंसारी के बीच पिछले डेढ़ माह में पंद्रह सौ बार बातचीत हुई थी। यही बातचीत का रिकॉर्ड दोनों के लिए फांस बन गया। युवती जब धनबाद आई तो उसने अपने दादा के एटीएम कार्ड का पिन कोड ब्वॉय फ्रेंड को रुपये निकालने के लिए दे दिया। जितनी बार इरशाद रुपये निकासी करता था, दादा के मोबाइल पर ओटीपी आजा था। उस ओटीपी को युवती इरशाद को बता देती थी। फिर उसे मोबाइल से डिलिट कर देती थी। यही वजह थी कि युगल प्रसाद को खाते से रकम निकालने की जानकारी नहीं हो रही थी। उनके खाते से 11 लाख 80 हजार रुपये निकल चुके थे। वेएक दिन जब खुद एटीएम से रुपये निकासी करने गए, तब उन्हें मामले की जानकारी हुई।

एयर होस्टेज की पढ़ाई छोड़ बॉयफ्रेंड के साथ दिल्ली अजमेर जयपुर घूम कर लौटी थी

साइबर क्राइम में गिरफ्तार युवती अपने ब्वॉय फ्रेंड इरशाद के साथ दिल्ली, जयपुर और अजमेर घूम चुकी थी। तकरीबन तीन लाख से अधिक रकम दोनों उड़ा चुके थे। पुलिस के अनुसार कोलकाता में घरवालों ने युवती को जिस एयर होस्टेस इंस्टीट्यूट में दाखिला कराया था, वहां से भी युवती अपना नाम कटवा कर फीस वापस ले चुकी थी। युवती का ब्वॉय फ्रेंड कोलकाता में ठेकेदारी का काम कर रहा था। कोलकाता में खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए इरशाद अंसारी ने युवती के साथ मिलकर साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया।

शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस प्रेमी के दोस्तों पर डालेगी दबिश 

ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर दादा के एसबीआई बैंक अकाउंट से 11 लाख 80 हजार रुपये उड़ाने के आरोपित युवती तथा ब्वॉयफ्रेंड  मो. इरसाद अंसारी को साइबर थाना की पुलिस ने मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में इरशाद के कुछ दोस्त भी संदेह के घेरे में हैं। लिहाजा पुलिस उन लोगों से भी पूछताछ कर सकती है। दरअसल इरसाद ने पूछताछ के दौरान 10 लाख रुपये कोलकाता स्थित फ्लैट में होने की बात पुलिस को बताई थी। पर जब पुलिस वहां पहुंची और फ्लैट को सर्च किया तो साढ़े आठ लाख रुपये ही बरामद हुए थे। कोलकाता में इरशाद ने जिस फ्लैट को किराए पर लिया था। उसके अगल-बगल में उसके कुछ दोस्त भी थे। उसके दोस्तों ने ही पुलिस को बताया था कि फ्लैट में पैसे कहां रखे हुए हैं। पुलिस को शक है कि कुछ रुपये उसके दोस्त के पास भी हो सकते हैं।