2020/12/12

बिहार में पहली बार ऐसी परीक्षा, जहां गुरुजी बनने को B.Ed. परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों के तांडव से भागे वीक्षक, पुलिस ने की डबल ड्यूटी

BIHAR : गुरु नहीं, गुरूघंटाल की परीक्षा बन गई शिक्षक बनने की पहली सीढ़ी B.Ed. की परीक्षा। इसके परीक्षार्थियों ने ऐसा हंगामा किया कि परीक्षक ड्यूटी से भाग खड़े हुए। एक केंद्र पर परीक्षा नहीं होती तो सभी जगह का मामला अटकता, इसलिए आनन-फानन में सुरक्षा ड्यूटी के लिए बुलाए गए पुलिसकर्मियों के हाथ में ही परीक्षक की ड्यूटी थमाई गई। एक हाथ में हथियार और दूसरे में परीक्षार्थियों के लिए कॉपी की ऐसी तस्वीर बिहार में पहली बार सामने आई वीर कुंवर सिंह की धरती भोजपुर में।

वीक्षकों ने परीक्षा लेने से कर दिया इंकार

आरा के महाराजा कॉलेज में हंगामे के दूसरे दिन भी B.ED की परीक्षा नहीं हुई। शुक्रवार को पेपर लीक के बाद परीक्षार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया था। इस दौरान उन्होंने जमकर हंगामा किया। अगले दिन वीक्षकों ने ही परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने जब परीक्षा लेने से इनकार कर दिया तो मजबूरन पुलिस को ही परीक्षक की ड्यूटी निभानी पड़ी।

SDPO के नेतृत्व में पुलिस ने सेंटर पर बांटे प्रश्नपत्र
महाराजा कॉलेज में वीक्षकों के परीक्षा बहिष्कार के बाद भोजपुर पुलिस ने छात्रों के भविष्य को देखते हुए वीक्षक की भूमिका निभाई। सदर SDPO पंकज रावत के नेतृत्व में पुलिस ने सेंटर पर प्रश्नपत्र बांटे। इसके बाद B.ED प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा शुरू हुई। B.ED की परीक्षा 10 बजे से होनी थी। 

वीक्षकों के बहिष्कार के कारण 2 घंटे लेट से भोजपुर पुलिस की निगरानी में परीक्षा हो सकी। छात्रों की परीक्षा लेने में कॉलेज के प्राचार्य और प्रॉक्टर ने सारी वैकल्पिक व्यवस्थाएं कीं, ताकि परीक्षार्थियों का साल बर्बाद न जाए। परीक्षा देने के बाद परीक्षार्थियों ने भोजपुर पुलिस को धन्यवाद दिया।

क्या हुआ था पहले दिन की परीक्षा में
महाराजा कॉलेज आरा में B.ED प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान पेपर लीक हो गया। 10:21 बजे छात्रों के मोबाइल पर प्रश्नपत्र आ गया था। इसके बाद परीक्षार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। परीक्षार्थियों का कहना था कि किसी कॉलेज ने पैसा देकर सेंटर मैनेज कराया है। उस कॉलेज के 10-15 लड़के परीक्षा केंद्र पर गए और मोबाइल देखकर परीक्षा देने लगे। इससे आक्रोशित अन्य परीक्षार्थियों ने उन्हें भगा दिया और परीक्षा का बहिष्कार कर खूब हंगामा किया।

Input -dainik bhasker