2020/12/05

समस्तीपुर में बैंक से राशि निकासी कर घर लौट रहे किसान से 81 हजार रुपये छीने

SAMASTIPUR : मोहिद्दीननगर में भारतीय स्टेट बैंक से राशि की निकासी कर घर लौट रहे सुलतानपुर निवासी किसान से दो बदमाशों ने 81 हजार रुपये छीन लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बाइक सवार बदमाश भाग निकला। यह घटना बीच बाजार में घटी है। जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर मोहिउद्ददीननगर बाजार में यह घटना हुई। इस बाबत थाना में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। बताते चलें कि सुलतानपुर निवासी शशिकांत सिंह स्टेट बैंक की शाखा से राशि की निकासी कर घर लौट रहे थे।

 इसी क्रम में बीच बाजार में एक दवा की दुकान पर दवा लेने के लिए रुके। बताया गया है कि एक बैग मे 81 हजार रुपये रखी हुई थी। यह बाइक के हैंडल में लटका हुआ था। इसी दौरान पीछे से एक ही बाइक पर सवार दो बदमाश गाड़ी से झोला निकालकर भाग निकला।

 जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक बदमाश भागने में सफल हो गया। बताया जाता है कि उसका पीछा भी किया गया। कितु वह पकड़ में नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि सूचना मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।