2020/12/05

समस्तीपुर सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत,पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

SAMASTIPUR : विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र की गढ़सिसई पंचायत स्थित वाहापर चिमनी के पास शुक्रवार को एक बाइक सवार युवक की सड़क दुर्घटना में घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त दरभंगा जिले के मखनानी गांव निवासी श्यामनंदन सिंह के पुत्र नीतीन आनंद (26) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने मृतक के स्वजनों से पंचनामा तैयार करवा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है। 

जानकारी के अनुसार नीतीन आनंद शुक्रवार को अपाची बाइक लेकर अपने घर से मौसी के यहां चमथा जाने के लिए निकला था। रास्ते में ही गढसिसई-घटहो पथ पर गढ़सिसई चिमनी के पास उसने बाइक पर से अपना नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क किनारे गोल्डमोहर के पेड़ से जा टकराई। 

इस टक्कर में युवक का सिर सीधे पेड़ से जा टकराया। जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। मौके पर एसआइ अरविन्द कुमार सिंह, अनिल रजक, एएसआई राकेश कुमार पुलिस बल कर साथ पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

अज्ञात वाहन ने मालवाहक ऑटो में मारी ठोकर, चालक की मौत

मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा स्थित भठ्ठी चौक के निकट एनएच-28 पर गुरुवार की रात अज्ञात वाहन ने एक मालवाहक ऑटो में जबरदस्त ठोकर मार दी। इससे ऑटो चालक की मौत हो गई। मृत चालक की पहचान ताजपुर थाने के हरपुर भिण्डी निवासी सुजीत कुमार गुप्ता के रुप में की गई है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक ऑटो लेकर मुसरीघरारी से ताजपुर की ओर जा रहा था।

 उक्त जगह पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी ऑटो में जबरदस्त ठोकर मार दी। नतीजतन ऑटो चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। घायलावस्था में इलाज के लिए उन्हें मुसरीघरारी स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

 घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा। ऑटो चालक के शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके स्वजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है ।