SAMASTIPUR : ठंड के बढ़ते मौसम में कुहासा ने अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है। ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को सुबह 6:30 बजे तक कुहासा देखने काे मिला। वहीं ग्रामीण कृषि मौसम सेवा विभाग पूसा व भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से आगामी 5-9 दिसंबर तक सुबह में हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
वहीं मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि उत्तर बिहार के जिलों में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहेंगे। साथ ही पूर्वानुमान अवधि में मौसम शुष्क बना रहेगा। बताया जाता है कि इस दौरान न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आएगा। वहीं अधिकतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
इस अवधि में औसतन 5-7 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से मुख्य रूप से पूरवा हवा चलेगी। जबकि बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, सीवान व मुजफ्फरपुर जिले में 7-8 दिसंबर को पछिया हवा चलने का अनुमान है। जिसके कारण लोगों को ठंड खासा परेशान कर सकती है।
बताया जाता है कि मौसम परिवर्तन से शुक्रवार को अधिकतम तापमान में गिरावट व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहकर 25.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 1 डिग्री अधिक होकर 11.9 डिग्री रहा।
मौमस को लेकर बताया गया कि 10 दिसंबर बाद गेहूं के पछात किस्त की बुआई करें। वहीं रबी प्याज की रोपाई के लिए खेत तैयार करें। रबी मक्का व आलू की रोपाई प्राथमिकता के आधार पर समाप्त करें। ठंड में दुधारू पशु के खानपान का ध्यान रखें।
9 दिसंबर तक सुबह में छाएगा हल्का कुहासा
आगामी 9 दिसंबर तक सुबह में हल्का कुहासा छाएगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ेगी। वहीं आगे कुहासा और भी घना होगा। इस दौरान पूरवा हवा चलेगी। जबकि 7-8 को पछिया हवा चलने से ठंड का एहसास अधिक होगा।
डॉ. अब्दुस सत्तार, मौसम वैज्ञानिक सह नोडल पदाधिकारी, आरएएनयू, पूसा