PATNA : प्रदेश के विद्यालयों में कार्यरत 5209 नियोजित शिक्षकों के शिक्षक प्रशिक्षण की डिग्रियों की जांच होगी। हाल में फिर निगरानी ब्यूरो ने संदिग्ध डिग्रियों के बारे में अपनी शंका से शिक्षा विभाग को अवगत कराया है। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित शिक्षकों की डिग्रियों की जांच कराने का फैसला लेते हुए एक उपनिदेशक के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है।
80 फीसद संदिग्ध डिग्रियां दूसरे प्रदेशों से
शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि निगरानी ब्यृरो की जांच में संदिग्ध पायी गई डिग्रियों में से 80 फीसद डिग्री झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड एवं असम समेत अन्य प्रदेशों के निजी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों की ओर से निर्गत किए गए हैं। निगरानी ब्यूरो की टीम नियोजित शिक्षकों के नियोजन संबंधी दस्तावेजों की जांच में कर रही है। अब विभाग के स्तर से संबंधित प्रदेश सरकारों को डिग्रियां भेजकर उसकी जांच कराने की कार्रवाई की जा रही है।
वर्ष 2015 से निगरानी ब्यूरो द्वारा नियोजित शिक्षकों के नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अब तक जांच के बाद 4456 शिक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है। जांच के क्रम में निगरानी ब्यूरो को विभिन्न जिलों में ऐसी डिग्रियों पर कार्यरत शिक्षकों के बारे में शिकायत मिली है जो बिना प्रशिक्षण ही पैसे के बल पर डिग्रियां हासिल कर नौकरी पा गए।
Input-dainik jagran