2020/12/09

भारत बंद आंदोलन में शामिल हुआ दूल्हा, 4 घंटे गाड़ी में इंतजार करती रही दुल्हन

BIHAR : अब आप इसे किसानों के प्रति एक पार्टी कार्यकर्ता का समर्पण कहें या सड़क बंद रहने से नवविवाहित दूल्हे की मजबूरी। मंगलवार को सहरसा जिले के बरियाही से शादी कर लौट रहे नवविवाहित जोड़े को सुपौल में किसान आंदोलन के समर्थन में महागठबंधन द्वारा चलाए जा रहे भारत बंद का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी रोक दी। इसके बाद दूल्हा खुद प्रदर्शन में शामिल हो गए।

 दूल्हे की गाड़ी बरियाही से सुपौल तक तो किसी तरह पहुंच गई, लेकिन सुपौल में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को लोहियानगर चौक से आगे बढ़ने नहीं दिया। इसके बाद नवविवाहित दूल्हे ने सुपौल में ही लोहियानगर चौक पर गाड़ी खड़ी कर दुल्हन को गाड़ी में छोड़ दिया और बारातियों को लेकर दूल्हे की ड्रेस में ही आंदोलन के समर्थन में सड़क पर खड़े हो गए। दूल्हा विमल कुमार पूर्णिया राजद के तकनीकी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हैं। विमल करीब 4 घंटे तक सुपौल में किसानों के समर्थन में नारे लगाते रहे।


पूर्णिया में करना था प्रदर्शन, सुपौल में फंसे
विमल कुमार ने बताया कि सोमवार को सहरसा जिले बरियाही की निवासी सपना कुमारी से उनकी शादी हुई थी। मंगलवार को पूर्णिया पहुंचकर उन्हें भी आंदोलन में हिस्सा लेना था, लेकिन लौटने में देरी होने के कारण सुपौल में फंस गए तो यहीं पर स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करने लगे। उधर, नवविवाहित दुल्हन 4 घंटे तक गाड़ी में बैठकर पति की राह ताकती रही। दुल्हन ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।