BIHAR : कृषि कानून की वापसी को लेकर भारत बंद का बिहार में सुबह-सुबह असर दिखने लगा। 11 बजे से चक्का जाम करना था लेकिन सुबह 6 बजे से ही बंद समर्थकों ने सड़कों और रेल पटरियों पर हंगामा शुरू कर दिया। दरभंगा के लहेरियासराय स्टेशन पर अहले सुबह कोलकाता-जयनगर गंगासागर एक्सप्रेस को रोक दिया गया। नालन्दा के बिहारशरीफ में बंद के समर्थन में माले कार्यकर्ता अहले सुबह सड़क पर उतर आए और भारत बंद को समर्थन करने की अपील कर रहे हैं। खगड़िया में भारत बंद को लेकर 6 बजे से ही राजद के कुछ कार्यकर्ताओं ने राजेंद्र चौक पर ट्रकों को इस कदर रुकवा दिया कि हर तरफ का रास्ता जाम हो गया।

उथर, सहरसा में कृषि कानून वापसी को लेकर नंदलाली हाल्ट पर सहरसा-सुपौल जाने वाली ट्रेन को रोक दिया गया। भाकपा माले युवा नेताओं ने वहां विरोध प्रदर्शन किया। दैनिक भास्कर ने पहले ही यह जानकारी दे दी थी कि वाम दल, राजद और कांग्रेस के समर्थक 11 बजे से नहीं, सुबह-सुबह ही सड़कों पर उतर जाएंगे। ये बंद समर्थक सुबह से ही सड़कों और रेल पटरियों पर उतर कर हंगामा कर रहे हैं। राजद कार्यकर्ताओ ने झंडा, बैनर के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग को चोरा बगीचा के समीप जाम कर दिया और टायर जलाकर आगजनी की। जाप के कार्यकर्ताओं ने रहुई के पास सरमेरा-बिहटा हाईवे 78 को जाम कर दिया। बिहारशरीफ में श्रमजीवी एक्सप्रेस को रोक दिया।