समस्तीपुर उजियारपुर थाना क्षेत्र की चांदचौर करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन कुमार गिरि की गिरफ्तारी के बाद गांव के कतिपय लोगों ने पुलिस पर हमला करके मुखिया को पुलिस के शिकंजे से मुक्त कराकर भगा दिया। बाद में पुलिस ने अतिरिक्त बलों के साथ डीएसपी दिनेश पांडेय के नेतृत्व में गांव की नाकेबंदी कर फरार मुखिया को गिरफ्तार करने की कोशिश की। परंतु पुलिस को इसमें सफलता नहीं मिली। पुलिस ने इस घटना में 19 लोगों को नामजद तथा 20 अज्ञात के विरुद्ध पुलिस पर हमला करने, सरकारी कार्यों में बाधा डालने का केस दर्ज किया है। इसमें तीन नामजद करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में आशुतोष कुमार गिरि, राजेश कुमार गिरि तथा धर्मेश कुमार गिरि शामिल है। पुलिस अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि चांदचौर करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन कुमार गिरि को गत 28 अगस्त 2020 को सातनपुर चौक स्थित सरायरंजन रोड में मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रुपौली गांव निवासी मुरारी चौधरी का पुत्र संदीप चौधरी उर्फ नेपाली (30) की दिन दहाड़े हुई हत्या के मामले में दर्ज मुकदमा में आरोपित किया गया था। इसके बाद मुखिया फरार चल रहे थे। अदालत द्वारा मुखिया को हाजिर होने के लिए इश्तेहार निर्गत हो चुका था। थानाध्यक्ष ने कहा कि कोर्ट से जारी इश्तेहार को चस्पाने के लिए उनके अलावा एसआई अगम राम, एएसआई रविंद्र तिवारी, ब्रजकिशोर सिंह, रविंद्र कुमार भारती पुलिस बलों की टीम गुरुवार को मुखिया के घर गई थी। परंतु पुलिस को देख घर से निकलकर मुखिया भागने लगे। खदेड़कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।