2020/11/28

बेगुसराय-मुंडन कराने दिल्ली से गांव आया था युवक, रेल की पटरी के बीचों बीच मिली लाश

बेगूसराय में मुंडन कराने आए एक युवक की लाश रेल की पटरी के बीचोंबीच मिली है। शव साहेबपुरकमाल रेलवे स्टेशन से पश्चिम रेलवे ट्रैक पर मिला है। घटना की सूचना मिलते ही खगड़िया जीआरपी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन लाश रेलवे ट्रैक के पोल के बाद पाए जाने की वजह से जीआरपी ने मामला साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के पल्ले में डाल दिया। साहेबपुर कमाल थाने की पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान खगड़िया के रोशन के रूप में
पुलिस को मृत युवक की जेब से एक बंद मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल ऑन करते ही मृतक के परिजनों का कॉल आने लगा। तब पुलिस ने घटना की सूचना घर वालों को दी। मृत युवक की पहचान खगड़िया जिले के आवास बोर्ड निवासी राजेश महतो के 22 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार के रूप में की गई है।

27 नवंबर को मुंगेर घाट पर हुआ था मुंडन
रोशन दिल्ली में रहता था और अपने भाई-बहन के साथ अपना मुंडन करवाने के लिए घर आया था। मुंडन 27 नवंबर को मुंगेर घाट पर हुआ, लेकिन मुंडन के बाद वह लापता हो गया। परिजनों के द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई अता-पता नही चल पाया।

क्या कहती है पुलिस
इस संबंध में साहेबपुर कमाल थाना प्रभारी सुदीन राम ने बताया कि लाश रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच रखा था। उन्होंने बताया कि यह मामला आत्महत्या या हत्या का भी हो सकता है। ऐसा भी प्रतीत होता है कि किसी ने इसकी हत्या कर शव यहां फेंक दिया है। फिलहाल पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। पूरे मामले की जांच-पड़ताल चल रही है।