2020/11/28

बेगुसराय-पैसों के लिए बचपन के दोस्त ने बुलाया फिर मार दी गोली, घायल दोस्त ने पानी में कूदकर बचाई जान

BIHAR-BEGUSARAI-बेगूसराय में पैसों के लिए एक दोस्त ने अपने बचपन के दोस्त पर ही गोलियां बरसा दी। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र की है, जहां घायल युवक ने दो गोली लगने के बाद नदी में कूदकर अपनी जान बचाई। 

फिलहाल उसका इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक भागलपुर के बिहपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर बलहा निवासी सच्चिदानंद यादव का पुत्र नीतीश कुमार है।

घटना की कहानी घायल की जुबानी
घायल नीतीश कुमार ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि गोविंदपुर गांव में वह अपने दोस्त के साथ बाइक से अपने घर से पिपरपांती निवासी सुनील यादव को 30 हजार रुपए देने के लिए गया था। 

पैसा देने के बाद उसका दोस्त उसे फुसलाकर आहोक विशनपुर के बहियार ले गया। इस दौरान उसने एक पुल के पास बाइक रोक दी और एक दूसरे दोस्त ने उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद नीतीश पर ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं, जिससे वह बचने में लग गया। 

दो गोली लगने के बाद नीतीश उनसे हाथापाई करते हुए पास ही के नदी में कूद गया। किसी तरह जान बचाकर वह आहोक पंचायत के मुखिया के पास पहुँचा और उन्हें घटना की जानकारी दी।

 मुखिया ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई। फिलहाल नीतीश कुमार का इलाज बेगूसराय के सदर अस्पताल में चल रहा है।