2020/11/28

लुटा हुआ सोना व अवैध हथियार के साथ आधा दर्जन बदमाश चढ़े बेगुसराय पुलिस के हत्थे

BIHAR-BEGUSARAI- तेघड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आधा दर्जन शातिर अपराधी को एक देसी पिस्तौल, दो जिदा कारतूस एवं लूट के जेवरात एवं बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को तेघड़ा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ तेघड़ा, ओमप्रकाश ने उक्त जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर पिढौली चौक से वांछित अपराधी हसनपुर निवासी छोटू कुमार एवं बछवाड़ा थाना क्षेत्र के सुरो निवासी राजा कुमार को एक देसी कट्टा एवं दो जिदा कारतूस सहित भगवानपुर थाना क्षेत्र से लूटी गई बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। 

गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें तेघड़ा थाना क्षेत्र के अयोध्या निवासी अंकुर कुमार, दुलारपुर निवासी शुभम कुमार, समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के करम निवासी सचिन कुमार (लाइनर) एवं इसी इलाके का सोनार संतोष कुमार शामिल है। 

गिरफ्तार अपराधियों के पास से 10 ग्राम 660 मिलीग्राम ग्राम सोना, 849 ग्राम 900 मिलीग्राम चांदी, 10 हजार रुपये नकद सहित तीन मोबाइल बरामद किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ के क्रम में उसने स्वीकार किया है कि बीते दिनों एफसीआइ थाना क्षेत्र के बीहट बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान से छोटू कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। 

इसके अलावा उसने बछवाड़ा थाना कांड संख्या-164/20 में उसने तीन लाख 14 हजार 483 रुपये सहित तीन टैब की लूटपाट की थी। साथ ही विभूतिपुर थाना कांड संख्या-342/20 में छोटू कुमार ने अपने सहयोगी राजा कुमार, अंकुर कुमार, शुभम कुमार तथा ऋषभ कुमार के साथ घटना को अंजाम दिया था।

 उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान छोटू कुमार, राजा कुमार, शुभम कुमार एवं अंकुर कुमार को लूटी गई जेवरात के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार शातिर अपराधी छोटू कुमार के आपराधिक इतिहास की जानकारी देते हुए कहा कि इसके विरुद्ध एफसीआइ ओपी, बछवाड़ा थाना, विभूतिपुर थाना, तेघड़ा थाना एवं भगवानपुर थाना में मामला दर्ज है। 

पुलिस लंबे समय से इसकी तलाश कर रही थी। अपराधियों की गिरफ्तारी में स्वयं के अलावा तेघड़ा थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार सिंह, पुअनि अजित कुमार, पुअनि अमर कुमार, पुअनि अमरजीत कुमार सिंह, सअनि गणेश कुमार ईश्वर, चौकीदार मनोज कुमार के अलावा तेघड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।