BIHAR-VAISHALI-बिहार के वैशाली में शादी की रस्म अदा करने के बाद दुल्हन लेकर घर लौट रहे बारातियों के साथ बदमाशों ने घेरकर मारपीट की और उनके सारे सामान लूटकर चंपत हो गए. घटना गुरुवार सुबह महुआ हाजीपुर सड़क के पताढ सुंदर नगर के पास की है.
जमशेदपुर से सराय थाना के सूंदर नगर के पताड़ निवासी मनोज सिंह के यहां आई बरात के साथ लौटते समय सराय थाना के सूंदरनगर चौक पर रोक कर लूटपाट की गयी। घटना बीते गुरुवार की सुबह नौ बजे के आसपास की है।
मिली जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के आदित्यपुर निवासी अखिलेश्वर सिंह के पुत्र धीरज की बरात बीते बुधवार की देर शाम सराय के पताड़ गांव में मनोज सिंह के यहां आयी थी। रात को शादी के बाद बरात गुरुवार की सुबह नौ बजे जमशेदपुर लौट रही थी कि कुछ लोगों ने सुंदर नगर चौक पर दूल्हा एवं दुल्हन की गाड़ी को रोक कर मारपीट कर सभी जेवरात छीन लिए तथा बरात की बस पर सवार सभी बरातियों के साथ मारपीट की। बस के शीशे को लाठी-डंडे से मारकर तोड़ डाले।
घटना के संबंध में यह जानकारी मिल रही है कि बुधवार की देर शाम को बरात पहुंचने पर गांव के कुछ लोगों ने नाराजगी जताई थी। उनका कहना था कि इतनी देर कर बरात आने का क्या मतलब है। रात को तो विवाद ज्यादा नहीं बढ़ा, लेकिन सुबह जब बरात वापस लौटने लगी तो गांव के कुछ लोग इसी बात को लेकर बरातियों से उलझ पड़े और मारपीट की।
इधर लड़की के पिता मनोज सतिह ने बताया कि दरवाजा लगने के समय डांस करने को लेकर बरातियों और कुछ ग्रामीणों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर गुरुवार की सुबह बरातियों के लौटने के दौरान ग्रामीणों ने मारपीट की और बस के शीशे तोड़ दिए।
इस सम्बंध में जमशेदपुर के आदित्यपुर निवासी अखिलेश्वर सिंह के पुत्र धीरज कुमार ने पताड़ गांव के ही इंद्रजीत कुमार, उसके छोटे भाई एवं उसके दोस्त धर्मेंद्र साह, जितेंद्र साह, पिता बहादुर साह, सूरज एवं आदित्य दोनों पिता टुनटुन साह सहित 15 व्यक्तियों एवं अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।