मिली जानकारी के अनुसार छपरा जंक्शन पर उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की रहने वाली एक किशोरी भटकती मिली। वह छपरा के शंकर नामक एक युवक से शादी करने के लिए पहुंची थी। दूसरी किशोरी सिवान जिले की रहने वाली है, जो सिवान के ही मोनू नामक एक युवक से के साथ भागकर दिल्ली जाने वाली थी।
रायबरेली से शादी करने छपरा पहुंची लड़की
रायबरेली से भागी किशोरी ने बताया कि रायबरेली स्थित एक फैक्ट्री में उसके पिता के साथ छपरा निवासी शंकर कुमार काम करता था। वह उसके पिता के साथ घर पर आया करता था। इस दौरान दोनों के बीच प्यार हुआ।
इसी बीच वह छपरा आ गया था। घर वाले शंकर की शादी दूसरी जगह करना चाहते थे। इसकी जानकारी मिलने पर वह घर छोड़कर उससे शादी करने के लिए छपरा पहुंची थी, जहां रेल पुलिस ने उसे पकड़ लिया। लड़की से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया है।
जबरन शादी से नाराज होकर प्रेमी संग भागी
वहीं सिवान के रहने वाली किशोरी भी घरवालों द्वारा उसकी जबरन शादी किए जाने से नाराज होकर अपने प्रेमी मोनू के साथ भागी थी। दोनों को एकमा में रेलवे स्टेशन पर मिलना था। तय योजना के अनुसार दोनों को वहां से दिल्ली जाना था। दोनों दिल्ली जाकर शादी करने वाले थे। इसके बाद वे अपने परिवार को इसकी खबर देते, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।