2020/11/05

जब मियां-बीवी हुए राजी तो मारने दौड़ पड़े काजी, काटा जमकर बवाल

DESK- लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र में. अरविंदो चौकी की पुलिस तब मुसीबत में फंस गई जब जहां घर से भागकर शादी कर एक युवा जोड़ा पहुंचा और उसके पीछे-पीछे उनके परिजन भी आ गए. बच्चों की शादी से भड़के परिजनों ने थाने में ऐसा बवाल काटा कि लखनऊ पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे. 

महिलाओं ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा 
प्रेमी जोड़े ने जब घर से बिना बताए शादी कर ली और लखनऊ चले आए, तो भड़के परिजनों ने सूचना पाकर कानपुर से लखनऊ का रुख कर लिया. युवती के परिवार से ज्यादातर महिलाएं अरविंदो चौकी थाना पहुंचीं.

 यहां पर कोई महिला कांस्टेबल मौजूद नहीं थी. ऐसे में जब ये महिलाएं हंगामा करने लगीं तो पुलिसकर्मी परेशान हो गए. दोनों ही परिवारों को समझाने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों से भी महिलाएं उलझ गईं. काफी देर तक चले बवाल के दौरान इंस्पेक्टर और बाकी पुलिसकर्मी पस्त नजर आए. 

घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी करने वाला प्रेमी जोड़ा कानपुर का है. लड़का जाजमऊ का रहने वाला है जबकि लड़की किसी दूसरे इलाके में रहती थी. 

शादी के लिए दोनों भागकर लखनऊ आए थे. इस बात की खबर लगते ही परिजनों ने राजधानी के इंदिरानगर इलाके में आकर हंगामा किया.