BIHAR-SAMASTIPUR- जिले के सभी जेलों में मंगलवार की सुबह एक साथ छापेमारी की गई। DM शशांक शुभंकर एवं एसपी विकास बर्मन के नेतृत्व में जहां मंडल कारा में अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने छापेमारी की।
वहीं रोसड़ा और दलसिंहसराय उपकारा में एसडीओ और डीएसपी के नेतृत्व में अधिकारियों ने उपकारा में पहुंचकर हर वार्डों की गहन तलाशी ली।हालांकि तलाशी के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की आपत्तिजनक चीजें बरामद नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार DM एवं SP के नेतृत्व में सदर अनुमंडल पदाधिकारी आरके दिवाकर, सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष विक्रम आचार्या आदि पुलिस बल के साथ मंडल कारा पहुंचे।
डीएम एवं एसपी ने मंडल कारा के हर वार्ड की गहन तलाशी कराई। लेकिन कहीं कोई आपत्तिजनक चीजें बरामद नहीं हुई। मेडिकल टीम द्वारा मंडल कारा अस्पताल में मरीजों की देखभाल और व्यवस्था की भी जांच की गई।
जेल अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने बताया कि मंडल कारा का पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरे की जद में है। मुलाकातियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। सुबह छह बजे से दो घंटे छापेमारी के बाद कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है।
रोसड़ा जेल में भी प्रशासन ने की छापेमारी-- मंगलवार की सुबह अनुमंडल प्रशासन ने उपकारा रोसड़ा में छापेमारी की। एसडीओ ब्रजेश कुमार एवं एसडीपीओ शहरियार अख्तर के संयुक्त नेतृत्व में करीब एक घंटे तक छापेमारी के दौरान हर वार्ड की गहन तलाशी ली गई।
छापेमारी में किसी प्रकार का आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हो सका। छापामारी दल में कार्यपालक दंडाधिकारी अमरनाथ गुप्ता रोसड़ा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सीताराम प्रसाद के अलावा विभूतिपुर, हथौड़ी एवं शिवाजीनगर के थानाध्यक्ष क्रमश: कृष्णचंद्र भारती, राम प्रकाश सिंह एवं कोमल राम दर्जनों पुलिस बल के साथ शामिल थे।
5:30 बजे सुबह कारा में पूरे दलबल के साथ प्रवेश कर प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों ने परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। सभी बंदी वार्डों की सघन तलाशी के पश्चात रसोई, शौचालय एवं बाहरी परिसर का भी जायजा लिया गया।
खैनी,गुटखा के अलावा कहीं से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुआ। मौके पर काराधीक्षक गौरव कृष्ण तथा सहायक काराधीक्षक अरूण कुमार समेत सभी कारा कर्मी मौजूद थे।
महिला मंडल उप कारा कोनेला में भी हुई छापेमारी -DM के निर्देश पर मंगलवार की अहले सुबह दलसिंहसराय के कोनैला स्थित महिला मंडल उप कारा में अपर अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार, डीएसपी दिनेश कुमार पांडये के संयुक्त नेतृत्व में छापेमारी की गई।
डीएसपी ने बताया कि छापेमारी में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिला है। इस दौरान कारा उपाधीक्षक स्नेहलता कुमारी, निर्मल कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र, सीओ अमरनाथ चौधरी आदि छापेमारी दल में शामिल थे।