समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को आगामी 26 नवंबर को होने वाली बिहार संयुक्त प्रवेश पर्षद द्वारा आयोजित डिप्लोमा सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा की सफलता को लेकर बैठक हुई।
इस दौरान सभी सेंटरों के लिए प्रतिनियुक्ति किए गए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्र प्रेक्षक, केंद्राधीक्षक आदि मौजूद थे। इस दौरान एडीएम ने परीक्षा को कदाचार मुक्त कराने के लिए स्वच्छ प्रशासनिक संचालन व विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं किसी हाल में दोबारा परीक्षा कराने की नौबत आने देने की बात कही। इस दौरान बताया गया कि शहर के 11 सेंटरों पर एक पाली में सुबह 11 बजे से 1:30 बजे तक ली जाएगी। इसको लेकर अभ्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र के प्रवेश गेट को सुबह 8 बजे खोला जाएगा।
वहीं 10:30 बजे के बाद एंट्री नहीं दी जाएगी। परीक्षा में 5000 अभ्यर्थी शामिल होंगे। काेराेना को लेकर प्रत्येक अभ्यर्थी को मास्क व 50 एमएल के हैंड सेनेटाइजर के साथ प्रवेश दिया जाएगा।
वहीं उनके साथ ट्रांसपेरेंट वाटर बॉटल, पॉलिटेकनिक परीक्षा व मैट्रिक का एडमिट कार्ड, स्कूल आई कार्ड व पेन लेकर अंदर जा सकेंगे।
परीक्षा के शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला गोपनीय शाखा में नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। जहां परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या शिकायत को 06274-222058 व 06274-222216 पर बताया जा सकता है।