2020/11/24

सोने की चेन लूटने के दौरान अपराधियों ने युवक को मारी गोली,हथियार लहराते हुए भागा बदमाश

हाजीपुर :नगर थाना क्षेत्र के मस्जिद चौक के निकट दिनदहाड़े बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर उसके गले से सोने की चेन लूट ली। 

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में हथियार लहराते हुए सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में आराम से भाग निकले। 

घटना के बाद गोली लगने से जख्मी युवक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची नगर थाना की पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में बताया गया है कि मस्जिद चौक के निकट ही अपने मकान के पास ही खड़े होकर मो. शमीम को पुत्र मो. शार्गिद मोबाइल से किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अपराधी पहुंचे और उसके पास बाइक रोक दी तथा उसके गले से सोने की चेन छीनने लगे।

 युवक ने विरोध किया तथा एक अपराधी की शर्ट पकड़ ली। युवक के द्वारा अपने साथी को पकड़े जाते देख दूसरे अपराधी ने युवक को गोली मार दी तथा उसके गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले। 

घटना के बाद लोगों को जुटते देख अपराधी हवा में हथियार लहराने लगे तो लोग ठिठक गए। उसके दोनों आराम से भाग निकलने में कामयाब हो गए। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने युवक को इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के हाथ में गोली लगी है तथा वह खतरे से बाहर बताया गया है।