BIHAR-MADHEPURA--देश में कोरोना के प्रकोप को लेकर कई लोग जनता को जागरूक करने के लिए प्रयासरत हैं। आलमनगर प्रखंड के बसनबाड़ा पंचायत स्थित बसनबाड़ा गाँव के लोगों को कोरोना वायरस के बारे में वहाँ के युवा समाजसेवी संजीव कुमार संजू जागरूक कर रहे हैं।
उनकी ओर से कोरोना वायरस को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत युवाओं तथा गाँव के लोगों को कोरोना वायरस फैलने के कारणों, लक्षणों और इससे बचाव संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
लोगों को बता रहे हैं कोरोना फैलने के कारण, लक्षण और इससे बचाव के उपाय --
संजीव कुमार संजू के द्वारा लोगों को बताया जा रहा कि कोरोना वायरस का संक्रमण एक विषाणु के कारण होता है। जो कि सांस द्वारा एक प्रभावित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। इसके लक्षणों में बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। परंतु इसकी पुष्टि एक डॉक्टर टेस्ट के उपरांत ही करता है। इससे बचने के लिए संक्रमित मरीज से कम से कम 2 गज की दूरी बनाकर रखना, इसके साथ हाथ नहीं मिलाना चाहिए, गले मिलना या किसी तरह के शारीरिक संपर्क नहीं करना चाहिए तथा बिना डॉक्टरी जांच से दवा नहीं लेनी चाहिए।
कोरोना से डरने की नहीं बल्कि जानकारी लेकर बचाव की जरूरत-
संजीव कुमार संजू ने गाँव के लोगों से अपील की है कि कोरोना वायरस से डरने की नहीं बल्कि इस बीमारी के बारे में जानकारी लेकर बचाव करने की जरूरत है। बताया कि बचाव के लिए छींकने या खांसते समय मुंह ढक कर रखना चाहिए। हाथ मिलाने से परहेज करना चाहिए। प्रभावित व्यक्तियों से दो गज की दूरी बनाकर रखना ,शरीर के अंगों या बाहरी वस्तुओं को छूने के बाद हाथों को अच्छी तरह धोना चाहिए। अपने आप को, अपने परिवार व समाज को कोरोना से बचाने के लिए निजी साफ सफाई संबंधी नियमों का पालन करें व बचाव संबंधी जानकारी दूसरे लोगों तक भी पहुंचाए।
कोविड- 19 के नियमों का पालन जरूर करें :
-व्यक्तिगत स्वच्छता और 2 गज की शारीरिक दूरी बनाए रखें.
- बार-बार हाथ धोने की आदत डालें.
- साबुन और पानी से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें.
- छींकते और खांसते समय अपनी नाक और मुंह को रूमाल या टिशू से ढकें .
- उपयोग किए गए टिशू को उपयोग के तुरंत बाद बंद डिब्बे में फेंके.
- घर से निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें.
- बातचीत के दौरान फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्तियों से कम से कम 2 गज की दूरी बनाए रखें.
- आंख, नाक एवं मुंह को छूने से बचें.
- मास्क को बार-बार छूने से बचें एवं मास्क को मुँह से हटाकर चेहरे के ऊपर-नीचे न करें
- किसी बाहरी व्यक्ति से मिलने या बात-चीत करने के दौरान यह जरूर सुनिश्चित करें कि दोनों मास्क पहने हों
- कहीं नयी जगह जाने पर सतहों या किसी चीज को छूने से परहेज करें
- बाहर से घर लौटने पर हाथों के साथ शरीर के खुले अंगों को साबुन एवं पानी से अच्छी तरह साफ करें