2020/11/03

समस्तीपुर-निर्भीक होकर बूथों पर पहुंचकर मतदाता करें मतदान : डीएम

समस्तीपुर । जिले में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर जिला प्रशासन कटिबद्ध है। मतदाता निर्भीक होकर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अवश्य मतदान करें। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों से प्रशासन सख्ती से निबटेगा।

 उक्त बातें जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कही। डीएम ने कहा कि पहली बार विधानसभा चुनाव में सभी मतदान केन्द्र भवनों पर अ‌र्द्धसैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। 

सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। स्टैटिक दंडाधिकारी के साि पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को भी तैनात किया गया है। जोनल दंडाधिकारी एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी भी अपने क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों का निरंतर जायजा लेते रहेंगे।

 कहीं से भी किसी प्रकार की कोई सूचना मिलती है तो तुरंत वहां पर पदाधिकारी पहुंच जाएंगे। डीएम ने कहा कि वे खुद पुलिस अधीक्षक के साथ सुबह से शाम तक मतदान केन्द्रों का ही जायजा लेंगे। वे सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे और शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराएंगे।

 जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि कोरोना काल में यह चुनाव हो रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में कोरोना को लेकर दिए गए गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन कराया जा रहा है। बूथों को सैनिटाइज कराया गया है। वहीं हैंड सैनिटाइजर, ग्लव्स आदि की व्यवस्था रहेगी। 

मतदान केन्द्रों पर घेरा बनाया गया है, जिस घेरे में खड़े होकर मतदाता एक-एक कर अपना मतदान करेंगे। जिलाधिकारी ने आम मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अवश्य वोट करें।