प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को बिहार में चार चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. पहले के कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी को तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करना था.
पुराने कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी को छपरा, समस्तीपुर और मोतिहारी में चुनावी जनसभा को संबोधित करना था. इसमें एक नई सभा का कार्यक्रम बाद में जोड़ा गया है.
बताया जाता है कि पीएम मोदी की बगहा में भी रैली प्रस्तावित है, जिसे पहले चरण के लिए हुए मतदान के बाद फीडबैक के आधार पर रखा गया. पीएम मोदी की पहली रैली छपरा में आज सुबह 10 बजे से होगी.
इसके बाद पीएम मोदी समस्तीपुर में 11.30 बजे और मोतिहारी में 1 बजे से चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. पीएम की अंतिम चुनावी रैली बगहा में दोपहर 3 बजे से होगी.
पहले पीएम मोदी को 23 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 1 नवंबर और 3 नवंबर को हर दिन तीन चुनावी जनसभाएं करनी थीं. अब पीएम के कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव हुआ है. पीएम मोदी 1 नवंबर को चार जनसभाएं करेंगे.
वहीं, 3 नवंबर को उनकी दो ही रैलियां होंगी. चारों ही दिन पहली और तीसरी सभा में पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी मंच साझा करना था, लेकिन 3 नवंबर को पीएम मोदी की दो ही सभाएं होनी हैं.