इस घटना के बाद से सभी स्तब्ध हैं। लोग यह कहते सुने गए कि आखिर क्या परिस्थिति हुई कि प्रकाश ने इतना बड़ा कदम उठाया। उसे पत्नी व बच्चों पर तनिक भी मोह नहीं हुआ। वैसे तो इस जघन्य वारदात के पीछे प्रकाश ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पत्नी पर किसी दूसरे के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाया है।
साथ ही वह यह कहकर दोनों बच्चे को अपना मानने को तैयार नहीं है कि जब उसमें मर्दानगी की कमी थी तो पत्नी ने दो बच्चे को जन्म कैसे दिया। हालांकि ग्रामीण इस तरह की बात से इनकार करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों से प्रकाश का दिमाग कुछ ठीक नहीं चल रहा था।
छोटी-छोटी बात पर अक्सर पत्नी से लड़ाई-झगड़ा करता था। सोमवार की रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने गुस्से में आकर पत्नी समुंद्री तथा पुत्र सौरभ एवं पुत्री ज्योति की गला दबाकर हत्या कर दी। इधर, मृतका की मां चनरवर निवासी बुधनी देवी परिवार वालों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगा रही है।
शोक व मातम में डूबा ललदैया गांव
एक साथ मां, बेटे और बेटी की हत्या से ललदैया गांव शोक और मातम में डूब गया है। सभी हत्यारे प्रकाश को कोस रहे थे। घटना की खबर सुन ललदैया पहुंची मृतका समुंद्री की मां बुधनी देवी और भाई शव के पास विलाप कर रहे थे।
रोते-रोते बुधनी बेहोश हो जा रही थी। पड़ोस के लोग पानी का छींटा मारकर उसे होश में ला रहे थे। मायके वालों की चीत्कार से पड़ोसियों की आंखें भी नम हो गई। सबके जेहन में बस एक ही सवाल था कि प्रकाश ने आखिर इतना बड़ा कदम कैसे उठा लिया।
पत्नी तथा दो बच्चों की हत्या करने के बाद प्रकाश घर के समीप धान के पुआल में छुपा था। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो वह भागने की कोशिश करने लगा लेकिन ग्रामीणों ने उसे धर-दबोचा।
इसके बाद तो ग्रामीणों का गुस्सा उस पर टूट पड़ा। ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई शुरु कर दी। वह तो संयोग था कि समय रहते खैरा पुलिस मौके पर पहुंच गई अन्यथा प्रकाश ग्रामीणों के आक्रोश का शिकार हो जाता।
ग्रामीण इतने आक्रोशित थे कि जब पुलिस प्रकाश को पकड़ कर ले जा रही थी तो लोग पुलिस को उसे ले जाने से रोक रहे थे। बाद में काफी समझाने पर लोग शांत हुए। तब जाकर पुलिस प्रकाश को जीप में बिठाकर थाने ले गई।
क्या कहते हैं जमुई के DSP
जमुई के एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार ने कहा कि पहली बार देखने से यह जानकारी मिली है कि पत्नी का किसी दूसरे के साथ अवैध संबंध के शक में घटना को अंजाम दिया गया है। इस बात को गिरफ्तार आरोपी पति प्रकाश ने स्वीकार भी किया है। स्वजन के बयान पर एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।